Menu
blogid : 12407 postid : 610013

contest हिन्दी ब्लॉगिंग और हिंग्लिश

अंतर्नाद
अंतर्नाद
  • 64 Posts
  • 1122 Comments

हिन्दी ब्लॉगिंग और हिंग्लिश



हिन्दी ब्लॉगिंग का इतिहास महज़ दस वर्षों का है, जबकि हिंग्लिश ईस्ट इंडिया कंपनी के भारत आने और भारत-वासियों के उसके सम्पर्क में आने से लगभग 300 वर्षों पूर्व से चलन में आई | हिंग्लिश की तरह मिश्रभाषा का रूपण-विरूपण केवल हिन्दी में ही नहीं, अपितु समस्त भारतीय भाषाओं और कमोबेश दुनिया की अनेक भाषाओं में पाया जाता है | भाषा का ऐसा मिश्रित रूप-स्वरूप पारिस्थितिक प्रभाव के कारण निर्मित होता है | अंग्रेज़ों और हिन्दी-भाषियों के परस्पर भौतिक-सांस्कृतिक संघर्ष और आदान-प्रदान से पनपी हिंग्लिश अब इस देश में अधिकतर फैशनपरस्तता तथा बोल-चाल की अतिरंजना और दबंग भाषिक भंगिमा का चालू सिक्का बनती जा रही है |


हिन्दी अपनी लचीली ग्रहणशीलता के चलते अनेक भारतीय-अभारतीय भाषाओं के  शब्दों को आत्मसात करती रही है | पर इधर अत्याधुनिक सोशल नेट्वर्किंग, अंग्रेज़ी के प्रति अधिक आकर्षण और फ़ैशनपरस्त मानसिकता के कारण हिंग्लिश के दो रूप सामने आ रहे हैं — पहला, अपेक्षित और उपयुक्त रूप तथा दूसरा, अनपेक्षित और विकृत रूप | पहला रूप स्वीकार्य है और उसके कुछ उदाहरण दृष्टव्य हैं, जैसे — आज स्कूल बंद है | गाड़ी का टाइम हो गया है | मुझे ट्रेन पकड़नी है | बार-बार फ़ोन आ रहा है | बेटी कॉलेज जाने लगी है | यह रोड कहाँ तक जाती है ? पेन्सिल ले आओ | पेन कहाँ रख दी ? टीवी ऑन करो | सारे डकोमेण्ट डेस्कटॉप पर फोल्डर में हैं | …इत्यादि  |


भाषा-प्रयोग में किसी भी प्रकार के अति का होना हानिकारक है | आज-कल अतिरिक्त दबाव से उत्पन्न हिंग्लिश के विकृत और अस्वीकार्य रूप हिन्दी का  गठन बड़ी तेजी से बिगाड़ रहें हैं | विगत दो दशकों से यह प्रवृत्ति और अधिक बढ़ गई है | कुछ उदाहरण तो देखिए — दीदी कितनी शाई है न !  नाउ डेज़ मेरे डैड हांगकांग की जर्नी पर हैं | देखो माम, ये डॉग्ज़ कितने डर्टी हैं ! बट मैं क्या करूँ ? मैं एक्च्युली मार्निंग वाक के लिए निकला था | मेरे भी बुक्स बैग में डाल लो | आज-कल मुझे घर में बहुत वर्क करना पड़ता है | एक गिलास वाटर देना यार ! … इत्यादि |


हिंग्लिश के अपेक्षित और उपयुक्त रूप से हिन्दी की व्यापकता बढ़ती है, वह समृद्ध होती है और राष्ट्रीयता-अंतर्राष्ट्रीयता के शिखर पर प्रतिष्ठापित होती है | ‘कौन बनेगा करोड़पति’ में अमिताभ बच्चन द्वारा बोली जाने वाली हिन्दी और प्रयोग किए गए उनके हिंग्लिश-रूप हिन्दी के स्तर को किस तरह भाषागत ऊँचाई प्रदान करते हैं, यह पूरी दुनिया देख-सुन रही है, कहने की आवश्यकता नहीं | वे राष्ट्रभाषा की गरिमा के अनुरूप अपने अनोखे लहज़े, आवाज और अंदाज़ में अत्यंत लोकप्रिय, मानक, कभी संस्कृतनिष्ठ, कभी हिन्दुस्तानी हिन्दी बोलते हैं; कभी अच्छी, अपेक्षित हिंग्लिश और कभी ज़रुरत पड़ते ही फर्राटेदार सुग्राह्य अंग्रेज़ी | ऐसी हिन्दी, हिंग्लिश और अंग्रेज़ी से, ऐसी भाषा और ऐसे भाषा-रूप से किसे गुरेज़ हो सकता है | भाजपा नेत्री सुषमा स्वराज,  आज तक के पुण्य प्रसून बाजपेयी और इंडिया टीवी के रजत शर्मा की हिन्दी–हिंग्लिश स्वरूपों को भी अनुकरणीय बानगी के तौर पर लिया जा सकता है | ये लोग प्राय: अच्छी हिन्दी का प्रयोग करते हैं और अत्यंत अपेक्षित अंग्रेज़ी शब्दों का संतुलन साधते हुए प्रासंगिक हिंग्लिश का व्यवहार करते हैं |


पर आज-कल अभिव्यक्ति में अक्षम और अंग्रेज़ी के दबाव से पस्त लोग जिस तरह बार-बार बट, एक्चुअली आदि लगाकर हिंग्लिश का जैसा विकृत प्रयोग कर रहे हैं, उसे हिन्दी की पाचक-क्षमता कैसे स्वीकार कर सकती है ? भाषा का ऐसा प्रयोग हिन्दी के रूप को तो बिगाड़ता ही है, साथ ही बलात् हिंग्लिश से उनके अतिवादी होने के दुराग्रह को भी प्रकट करता है | कदाचित् ऐसे लोगों के अतिवाद के कारण ही ‘अंग्रेज़ चले गए, औलाद छोड़ गए’-जैसा मुहावरा प्रचलित हुआ होगा |


और हिंग्लिश के जो तथ्य-कथ्य हिन्दी से जुड़े हैं और हिन्दी के लाभ-हानि को प्रभावित करते हैं; वही हिन्दी-ब्लॉगिंग के साथ भी लागू होते हैं | यदि हिन्दी ब्लॉगिंग को विश्व-वांड्मय में सम्मिलित होना है, आगे बढ़ना है, विश्व-स्तर पर नाम कमाना है, तो हिंग्लिश के अतिवाद और कृत्रिमता से बचना होगा | उसे मानक हिन्दी में अर्जुन के तीर छोड़ने होंगे | हलधर की भाँति सहज, सुन्दर, प्राकृत हिंग्लिश का हल कुरुक्षेत्र में चलाना होगा | यदा-कदा अंग्रेज़ी-उद्धरणों के खातिर रोमन लिपि का युधिष्ठिर-भाला प्रक्षेपण की साधना के साथ फेंकना होगा |


अंतत: हिन्दी-ब्लॉगिंग का कुरुक्षेत्र अर्जुनों, भीमों और युधिष्ठिरों की प्रतीक्षा कर रहा है, हिंग्लिश उसके लिए कोई समस्या नहीं बन सकती | समस्या तो झाड़-झंखाड़  काटकर मरुभूमि को तोड़ने की है, उसे उपजाऊ बनाने की है, उमड़ते-घुमड़ते बादलों को धरती पर उतारने की है | इस प्रकार इंग्लिश-हिंग्लिश, उर्दू-बँगला सब के साथ तालमेल बिठाती ब्लॉगिंग के पाण्डव-ब्लॉगर चातक की नाईं स्वाती की हवा में धीरे-धीरे कोटर से चोंच काढ़ रहे हैं और हिन्दी अपने वेब-पट के मेघाच्छादित आसमान में आँचल लहराने लगी है |



— संतलाल करुण

Read Comments

    Post a comment